आईएस और अलकायदा के नये संगठनों पर लगा प्रतिबंध
नयी दिल्ली : सरकार ने कठोर आतंकवाद रोधी कानून गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत आतंकी संगठन अलकायदा और आईएसआईएस के नये संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया है. आधिकारिक आदेश के अनुसार, गृह मंत्रालय ने अलकायदा इन इंडियन सबकांटिनेंट (एक्यूआईएस) और आईएसआईएस के अफगानिस्तान आधारित संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड शाम खुरासन (आईएसआईएस-के) को गैर कानूनी घोषित कर दिया है, क्योंकि इन संगठनों को ‘ वैश्विक जिहाद ‘ के लिए भारतीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने तथा उन्हें भारतीय हितों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने का दोषी पाया गया. आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि आईएसआईएस-के को इस्लामिक स्टेट इन खुरासन प्रोविन्स (आईएसकेपी)/आई एस आई एस विलायत खुरासन के रूप में भी जाना जाता है. इसमें कहा गया है कि अलकायदा से जुड़ा संगठन एक्यूआईएस एक आतंकवादी संगठन है, जिसने पड़ोस के देशों में आतंकी कृत्यों को अंजाम दिया है और भारतीय उपमहाद्वीप में भारतीय हितों के खिलाफ आतंकी कृत्यों को बढ़ावा तथा प्रोत्साहन देता रहा है.




