विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया

पटना:विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. आर. एन. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में पटना कालेज के समीप स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अजय प्रकाश, रामानुज भट्ट भी उपस्थित रहे। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों से सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही।

अपने संबोधन में डॉ. आर. एन. सिंह ने कहा कि संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे देश में विविध आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को जाति-पांति के बंधनों से ऊपर उठाकर एक सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक एकता और संगठन की अत्यंत आवश्यकता है।

उन्होंने आधुनिकता के इस दौर में समाज में बढ़ती बिखराव की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर विभाजित हो रहे हैं, जिससे देश और समाज कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर राष्ट्र और समाज की रक्षा एवं उन्नति के लिए संगठित प्रयास करें। उनके अनुसार, देश की वास्तविक शक्ति समाज की एकता में निहित है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय प्रकाश ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि जब-जब हम बिखरे, तब-तब हम पराधीन हुए, भगवान राम संपूर्ण शक्ति होने पर भी समाज को एक कर, सभी वर्गो का सहयोग कर लंका पर विजय प्राप्त किये और बाद के काल में भी एकता के आधारपर ही हमने स्वतंत्रता प्राप्त की। उन्होंने वर्तमान समय में भी संगठन और समरसता को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज कुमार, नीरज नयन, सौरभ कुमार, संजीव गुप्ता, अशोक चौधरी, गौरव अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक व बडी संख्या में महिलाओ की उपस्थिती रही। इस अवसर पर समाज के 15 विशिष्ट व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का समापन हनुमान जी आरती के साथ हुआ। आयोजकों ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment