पटना : शेखपुरा में शनिवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जद (यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने एनडीए कार्यकर्ताओं से चट्टानी एकता की तरह एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोदी-नीतीश की करिश्माई जोड़ी बिहारवासियों की पहली पसंद है। डबल इंजन की एनडीए सरकार ‘न्याय के साथ विकास’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र को लेकर आमजन के कल्याण हेतु सतत प्रयासरत है।उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि ‘2025 में 225’ और ‘फिर से नीतीश’ के संदेश को लेकर एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष राज्यभर में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन कर रहे हैं। इन सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं का जोश, जज्बा और अपार आत्मविश्वास इस बात का स्पष्ट संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड जीत का नया इतिहास लिखेगा और विपक्ष को एक-एक सीट के लिए तरसना पड़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व विपक्षी नेता हमारे नेता श्री नीतीश कुमार एवं एनडीए गठबंधन को लेकर तरह-तरह की भ्रांतियाँ फैलाते रहे और भ्रामक भविष्यवाणियाँ करते रहे, लेकिन चुनाव परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया कि केंद्र में मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मा0 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कोई विकल्प नहीं है, और न कोई होगा। ठीक उसी तरह, चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भी विपक्ष पूरी तरह से साफ हो गया।
साथ ही उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आमजन के कल्याण और उत्थान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उनके जीवन का प्रत्येक क्षण जनता को समर्पित है। उन्होंने बताया कि राज्य में 500 से अधिक जल-कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं दूसरी ओर, विपक्ष केवल दुष्प्रचार के सहारे राजनीति करना चाहता है, लेकिन विकास का कोई विकल्प नहीं होता।
इस मौके पर भाजपा के मा0 प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 दिलीप जायसवाल, लोजपा (आर0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी एवं रालोमो के मा0 कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चैधरी, मा0 विधायक सुदर्शन कुमार, जद(यू0) के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी स्थापना चंदन कुमार सिंह सहित एनडीए के कई वरीय नेतागण उपस्थित रहे।