ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए बिहार के लाल शहीद मोहम्मद इम्तियाज के आश्रितों को बिहार सरकार सरकारी नौकरी देने जा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान सरकार ने उस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है, जिसमें शहीद के आश्रितों को नौकरी देने की बात कही गई है।ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इस दौरान भारत ने कम से कम 6 पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट मार गिराए थे। इस दौरान सीमा पर कई भारतीय जवान भी शहीद हुए थे, जिसमें बिहार के लाल मोहम्मद इम्तियाज भी शामिल थे।
शहीद मोहम्मद इम्तियाज सारण जिला के गरखा प्रखंड के नारायणपुर गांव के रहने वाले थे और बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। बिहार के लाल के शहीद होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके गांव पहुंचे थे और उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। तब मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजन को 50 लाख रूपये सम्मान राशि का चेक सौंपा था।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि की राज्य सरकार की तरफ से शहीद मोहम्मद इम्तियाज के पुत्र को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी दी जायेगी। सरकार ने शहीद के बेटे को नौकरी देने के अपने उस वादे को पूरा कर दिखाया है। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में शहीद इम्तियाज के बेटे मोहम्मद इम्दाद रजा को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने का फैसला लिया है।