सिवान : लोकसभा चुनाव के दौरान सिवान संसदीय सीट पर बड़े सियासी खेल के संकेत मिल रहे हैं। यहां से एक ऐसी तस्वीर निकलकर सामने आई है जो बिहार की सियासत में गर्माहट लाने के लिए काफी है। सीवान से तीसरी बार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमा रहीं पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब भगवा के बीच नजर आईं हैं। वे खुद माता की चुंदरी ओढ़े नजर आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हिना को बीजेपी का साथ मिल गया है? बिहार में सीवान की लोकसभा सीट हमेशा से हॉट रही है। शहाबुद्दीन के कारण हमेशा से यह सीट सुर्खियों में रही है। इस लोकसभा सीट से कभी बाहुबली मो. शहाबुद्दीन आरजेडी के टिकट पर चुनाव जीता करते थे। शहाबुद्दीन इस सीट से चार बार सांसद रहे। साल 2021 में कोरोना के कारण दिल्ली के तिहाड़ जेल में उनका निधन हो गया था। इसके बाद इस सीट से उनकी जगह उनकी पत्नी हिना शराब को आरजेडी ने दो बार अपना उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में उतारा लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।RJD से शहाबुद्दीन परिवार के रिश्ते बिगड़ने के बाद तीसरी बार हिना निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं और खूब पसीना बहा रही हैं। इसी बीच हिना शहाब की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसको देखकर हर कोई हैरान है। हिना शहाब चुनाव प्रचार के दौरान इन दिनों भगवाधारियों के बीच नजर आ रही हैं। भगवाधारियों के बीच हिना की तस्वीर ने इस चर्चा और भी तेज कर दिया है कि वे बीजेपी में शामिल हो सकती हैं।
सीवान में हिना का एक वीडियों चर्चा का विषय बन गया है। इस वीडियो में हिना मखदुम सराय ब्रह्मस्थान में आयोजिक सभा में भाषण दे रही हैं। हिना शहाब जहां भाषण दे रही हैं, वहां मौजूद लोग भगवा गमछा धारण किए हुए नजर आ रहे हैं। हिना शहाब जहां भी चुनाव प्रचार करने के लिए जा रही हैं वहां भगवा रंग से उनका जोरदार स्वागत हो रहा है। शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान समर्थकों ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया था। हिना ने कहा था कि अब पुराना समय नहीं रह गया है और समय बदल चुका है और अब सीवान में नए समीकरण बनेंगे। वे लगातार बयान दे रहीं हैं कि उन्हें किसी रंग से परहेज नहीं हैं। हिना से जब मीडिया ने सवाल किया कि क्या वे बीजेपी में जाएंगी तो इससे उन्होंने इनकार नहीं किया बल्कि कहा कि जनता हमारी मालिक है। सीवान की जनता जिस ओर जाएगी, आपकी हिना उस ओर जाएगी। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में सीवान की सीट जेडीयू के खाते में चली गई थी। जिसके कारण बीजेपी के सीटिंग सांसद ओमप्रकाश यादव का टिकट कट गया था। इस सीट से जेडीयू ने कविता सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। कविता सिंह ने हिना शहाब को हराकर जीत हासिल की थी। इस बार भी यह सीट जेडीयू के खाते में ही है हालांकि जेडीयू ने कविता सिंह का टिकट काटकर विजय लक्ष्मी कुशवाहा को अपना उम्मीदवार बनाया है। विजय लक्ष्मी एनडीए की साझा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में है जबकि हिना शहाब निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर एनडीए और महागठबंधन को टक्कर दे रही हैं।