आज दिनांक 14 फ़रवरी 2026 को माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री संगम कुमार साहू, पटना उच्च न्यायालय सहित अन्य माननीय न्यायाधीशों ने बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान, कोईलवर का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। संस्थान परिसर में आगमन पर माननीय मुख्य न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत माननीय मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशों द्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर माननीय न्यायाधीश श्री सुधीर सिंह, माननीय न्यायाधीश श्री नानी टागिया, माननीय न्यायाधीश श्री नवनीत कुमार पांडेय, माननीय न्यायाधीश श्री पूर्णेंदु सिंह,माननीय न्यायाधीश श्री हरीश कुमार,माननीय न्यायाधीश डॉ. अंशुमन, माननीय न्यायाधीश श्रीमती सोनी श्रीवास्तव तथा माननीय न्यायाधीश श्री अजीत कुमार शामिल थे। निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायाधीशों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध उपचार, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण का उद्देश्य मरीजों के कल्याण का आकलन, संस्थान में चल रहे उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस क्रम में संस्थान के निदेशक एवं अन्य अधिकारियों ने उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं में हो रहे सुधारों, नई पहलों तथा सेवाओं की गुणवत्ता में आए सकारात्मक बदलावों की विस्तृत जानकारी साझा की। माननीय न्यायाधीशों ने संस्थान में जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे हाउसकीपिंग कार्य की विशेष सराहना करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े इस प्रयास की प्रशंसा की।
इस अवसर पर माननीय मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि “मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता आधारित सेवाएं समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग बिहार के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भोजपुर, श्री पुरुषोत्तम मिश्रा, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव श्री पवन पांडे,जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक भोजपुर श्री राज,सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोजपुर श्री गौतम कुमार, भोजपुर जिला न्यायालय के अन्य माननीय न्यायाधीश, उप विकास आयुक्त भोजपुर श्रीमती गुंजन सिंह, संस्थान के निदेशक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।