आरा पहुंचे डीजीपी ने SP-DSP को दे दिया ये ऑर्डर
आरा: प्रदेश के डीजीपी आलोक राज ने शनिवार को साफ तौर पर कहा कि पुलिस पीड़ितों के प्रति संवेदनशील और अपराधियों के प्रति संख्त बने। संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाएं। वे शनिवार की दोपहर आरा पहुंचे थे ।इस दौरान पुलिस आफिस में जिले के अफसरों के साथ कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। डीजीपी बनने के बाद वे पहली बार समीक्षा बैठक के लिए आरा पहुंचे थे। एसपी और डीएसपी रैंक के अफसरों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। साथ में शाहाबाद डीआईजी नवीन चन्द्र झा भी मौजूद थे। करीब 12 बजे डीजीपी के पुलिस कार्यालय पहुंचे ही शाहाबाद डीआइजी नवीन चन्द्र झा और एसपी राज ने पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान डीजीपी को गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद अफसरों के साथ बैठक शुरू की। डेढ़ बजे तक बैठक चली। डीजीपी ने अपराध और विधि व्यवस्था की समीक्षा के दौरान लंबित गंभीर कांडों का उद्भेदन,कांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी, कांडों में सजा के लिए त्वरित गति से विचारण कराने तथा ससमय कोर्ट में गवाहों के उपस्थापन के निर्देश दिए। अपराध की रोक थाम के लिए प्रतिदिन दिन और रात में गश्ती को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पेशेवर अपराधियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए ड्राइव चलाने पर जोर दिए। थाने में जाने वाले पीड़ितों ,बुजुर्गों और महिलाओं के साथ अच्छा से व्यवहार करने और उनकी फरियादों पर न्याय संगत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।