पटना:ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा नगर निगम क्षेत्र में स्थित रैन बसेरों में निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। *इसी क्रम में पटना नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आमजन से अपील करते हुए सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर रह रहे लोगों को रैन बसेरा में लाया गया।*
रैन बसेरा में सभी लोगों का नाम विधिवत पंजी में दर्ज किया गया तथा उन्हें स्वच्छ बिस्तर उपलब्ध कराया गया। साथ ही रैन बसेरा में ठंड से बचाव हेतु आवश्यक सुविधाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति शीतलहर के कारण असुविधा का शिकार न हो।
पटना नगर निगम ने कड़कड़ाती ठंड को देखते हुए शहर में 26 रैन बसेरों की व्यवस्था की है जिसमे 953 बेड की व्यवस्था है इसमें जर्मन हैंगर, स्थायी और अस्थायी शेल्टर शामिल हैं
*महिलाओं के लिए विशेष रैनबसेरा*
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर महिलाओं के लिए विशेष रैनबसेरों की व्यवस्था की गई है। इन आश्रय स्थलों में केवल महिलाएं ठहर सकती हैं। महिला रैनबसेरे निम्न स्थानों पर संचालित हो रहे हैं ।
– गांधी मैदान, मौर्या होटल के सामने
– बुद्धा स्मृति पार्क के निकट, फ्रेजर रोड
– पटना सिटी नाला पर
*अंचलवार रैनबसेरों की स्थिति*
पटना नगर निगम द्वारा बनाये गए सभी अंचलों में जर्मन हैंगर, स्थायी और अस्थायी आश्रय स्थलों की संख्या इस प्रकार है।
नूतन राजधानी अंचल: 5 जर्मन हैंगर,2 स्थायी आश्रय स्थल, 5 अस्थायी आश्रय स्थल
कंकड़बाग अंचल: 5 जर्मन हैंगर, 2 स्थायी
पाटलिपुत्र अंचल: 01 अस्थायी
पटना सिटी अंचल: 02 अस्थायी
अजीमाबाद अंचल: 02 जर्मन हैंगर, 02 स्थायी
*रैनबसेरों में उपलब्ध सुविधाएं*
सभी स्थायी, अस्थायी और जर्मन हैंगर रैनबसेरों में स्वच्छ पेयजल, टॉयलेट, मच्छरदानी तथा पर्याप्त कंबलों की व्यवस्था की गई है इसके साथ रात्रि भोजन की निशुल्क व्यवस्था है ।ठंड बढ़ने पर प्रत्येक व्यक्ति को दो कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रैनबसेरों के सुचारू संचालन के लिए तीन शिफ्टों में केयरटेकर तैनात किए गए हैं। रेन बसेरा में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे एवं फायर एक्स्टिनगुइशर भी लगाए गए हैं । इसके अलावा प्रत्येक आश्रय स्थल पर प्रबंधक की भी नियुक्ति की गई है, जो व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर रहे हैं ।जहाँ भी रैन बसेरा है वहाँ के संबंधित थाने को पत्र लिख कर रात्रि गश्ती के लिए सूचित किया गया है।
पटना नगर निगम आमजन से अपील करता है कि ठंड के मौसम में यदि कहीं भी कोई व्यक्ति खुले में रात गुजारने को मजबूर दिखे, तो उसकी सूचना नगर निगम को टॉल फ्री नंबर 155304 पर दें जिससे उसे रैन बसेरा तक पहुँचाकर सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। पटना नगर निगम आम नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और शीतकाल के दौरान यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।