जवान और किसान के साथ भेदभाव की नीतियां अपनायी जा रही है: तेजस्वी यादव

पटना 23 सितम्बर, 2021;-बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में आज नेताप्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव के समक्ष पूर्वसैनिक फ्रंट एसोसिएशन का विलय पूर्व सैनिक दिनेश कुमार सुमन के नेतृत्व में सैंकड़ों पूर्व सैनिकों ने राजद की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष श्री उदय नारायण चैधरी,राष्ट्रीय महासचिव श्री श्याम रजक, प्रदेश प्रधान महासचिव श्री आलोक कुमार मेहता, प्रदेश प्रवक्ता श्री शक्ति सिंह यादव,एजाज अहमद, प्रदेश महासचिव फैयाज आलम कमाल, निर्भय अम्बेदकर, कार्यालय सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह, राजेश यादव, महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षा डाॅ0 उर्मिला ठाकुर, पटना जिलाध्यक्ष श्री देवमुनी सिंह यादव सहित सैंकड़ों की संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित थे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश राजद पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री विजय कुमार यादव ने की। इन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जायेगा।
इसअवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने दिनेश कुमार सुमन को पार्टी का सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि जो देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह किये वगैर देश के लिए शहीद हो जाते हैं ऐसे लोग हीं देश के हीरो हैं और ऐसे लोगों का हर स्तर पर मान-सम्मान होना चाहिए, क्योंकि इनलोगों के द्वारा देश की सेवा और मातृभूमि की रक्षा का जो दायित्व दिया जाता है उसे बखूबी पूरा करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज जय जवान, जय किसान का नारा दिखावा बन गया। जवान और किसान दोनों के साथ भेदभाव की नीतियां चल रही है। अफसोस की बात है कि किसानों को केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण जो परेशानी हो रही है उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। सबसे ज्यादा किसान हीं टारगेट पर हैं, तीन कृषि काला कानून लाकर किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। आज किसानों को उनके अनाज का वाजिब मूल्य भी नहीं मिल रहा है और एमएसपी का ठीक ढंग से पालन भी नहीं हो रहा है, यूरिया कि कालाबाजारी जारी है। उसी तरह से जवानों के आर्मी कैम्प के लिए देश भर में जितनी जमीनें हैं उसको भी बेचने की तैयारी चल रही है। आज चुनिंदा पूंजीपति के हाथों देश की संपति को बेचा जा रहा है। चाहे रेल हो, सेल हो, भेल हो, हवाई जहाज हो, पोर्ट हो या अब आर्मी कैंट की जमीन को भी बेचने की तैयारी चल रही है।
श्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने पूर्व सैनिकों से आह्वान किया कि वो देश और राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, गरीबी, महंगाई, भेदभाव और असमानता की नीतियों के खिलाफ संघर्ष में राजद के साथ जुड़े क्योंकि सरजमीं पर कुछ भी
नहीं हो रहा है।
उन्होंने पार्टी के सैनिक प्रकोष्ठ से पूर्व सैनिकों को जोड़ने का अभियान चलाने और जो सैनिक शहीद हो गये हैं उनके परिवार के स्थिति का पता लगाकर उनकी समस्याओं को हल कराने में सहयोग की बातें की और कहा कि पार्टी के द्वारा पटना में बड़े पैमाने पर पूर्व सैनिकों का सम्मेलन किया जायेगा, जिसमें शहीद सैनिकों के परिवार को सम्मानित किया जायेगा।

Leave a Comment

90 − = 84